कुरुक्षेत्र। पहला कदम संस्था द्वारा वीरवार को स्थानीय पंचायत भवन में पराली न जलाने से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उपायुक्त डॉ. एसएस फुलिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस कार्यक्रम में पराली न जलाने के बारे में किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से लघु फिल्म धरती का सीना भी संस्था द्वारा दिखाई गई। डीसी ने कहा कि जिले में फसल अवशेष न जलाने बारे कृषि विभाग द्वारा किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया हुआ है, इस अभियान के अंतर्गत गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है तथा साथ ही लघु फिल्म भी दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि खेत में फसलों के फानों एवं अवशेषों को मिलाने से नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ती है एवं कम खाद की अवश्यकता होती है। वायू प्रदूषण कम होने से वातावरण शुद्घ होता है। उन्होंने कहा कि फसल अवशेष जलाने से सूक्ष्म पोषक तत्व नष्ट होते है और जमीन की उपजाऊ शक्ति कम होती है। जो भी फसलों के अवशेषों को जलाएगा उस पर वायू प्रदूषण अधिनियम 2003 के तहत कार्रवाई की जाएगी। किसान पराली ना जलाएं इसके लिए अधिकारियों की डयूटी लगाई गई है तथा विशेष तौर पर मौके पर ग्राम सचिव व पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। डीसी ने धरती का सीना लघु फिल्म के बारे में कहा कि इस फिल्म को गांव-गांव में दिखाया जाए ,ताकि लोग जागरूक हो सके। इस मौके पर डीडीपीओ कपिल शर्मा, डीआई विजय कुमार, डॉ. मोहित गुप्ता, दिलबाग सिंह गुराया, रवि जांगड़ा, दर्शन सिंह, ज्योति, अनुपमा, विरेंद्र कौर, मानिका, रजवंत कौर सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।