कुरुक्षेत्र। जिले में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार की चपेट में स्वास्थ्य महकमा भी आता जा रहा है। रविवार को उप सिविल सर्जन, सीएचसी बाबैन के डेंटल सर्जन, बीएनसी कॉलोनी पिपली निवासी 36 वर्षीय स्टाफ नर्स, आदेश मेडिकल कॉलेज के लैब टेक्नीशियन सहित 113 लोग नए कोरोना संक्रमित मिले। इनमें सरस्वती कॉलोनी की एक वर्षीय मासूम, पुर्तगाल से लौटे बगथला गांव निवासी 32 वर्षीय युवक, इटली से आया गुमथला गढू निवासी 11 वर्षीय बालक, कनाडा से आई सेक्टर-13 निवासी 28 वर्षीय युवती और अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय का 36 वर्षीय कर्मचारी भी शामिल हैं।
आए दिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रहीं हैं। जहां रेडियोलॉजिस्ट के कोरोना संक्रमित होने के बाद जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा पूर्णत: बंद पड़ी है। वहीं, चिकित्सा अधीक्षक के संक्रमित होने के बाद प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हो गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को 604 एक्टिव केस रहे। इनमें से 553 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है जबकि 51 मरीजों को अस्पताल में दाखिल किया गया है। राहत की बात यह है कि रविवार को 163 मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। स्वास्थ्य केंद्रों से लिए गए आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 444 सैंपलों में से 113 में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिले में अब तक 23 हजार 336 पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से 22 हजार 374 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं, लेकिन 358 मरीज कोविड की वजह से मौत के आगोश में जा चुके हैं।