बाइक पर आए एक बदमाश ने रविवार को लाडवा के निकटवर्ती गांव में एक किसान के ट्यूबवेल के कमरे में रहने वाले प्रवासी मजदूर से तमंचे के दम पर 10 हजार रुपये, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड व अन्य सामान छीन लिया। इसके बाद आरोपी मजदूर को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक हफ्ते में लूट की वारदात से क्षेत्र के लोगों में रोष है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रवासी मजदूर बैरागी महतो(30) निवासी जानकीपुर तहसील बनबांकी जिला पूर्णिया बिहार ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ बिहार से गन्ना छिलाई के काम के लिए खरकाली गांव आया हुआ है। वह आकाश पुत्र राजपाल निवासी खरकाली लाडवा के ट्यूबवेल पर रहता है। रविवार शाम करीब 5 बजे वह ट्यूबवेल पर अकेला था और उसके अन्य साथी गन्ना छिलाई का कार्य कर रहे थे। इस दौरान सिल्वर रंग की बाइक पर ट्यूबवेल पर पहुंचे एक युवक ने तमंचा निकालकर उसकी कनपटी पर लगा दिया। इसके बाद युवक ने उसकी जेब से दो हजार और अन्य साथियों के बैग में से 8 हजार, एक मोबाइल फोन, दो बैग, आधार कार्ड तथा एटीएम कार्ड आदि निकाल लिए। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़ित बैरागी महतो ने अपनी शिकायत में बताया कि युवक नशे में था और उसके मुंह पर चोट के निशान भी थे।