कुरुक्षेत्र जिले की अनाजमंडियों व खरीद केंद्रों पर उठान की इंतजार में शुक्रवार देर शाम को भी एक लाख 61 हजार 360 क्विंटल गेहूं पड़ा रहा, जिस पर बारिश का खतरा मंडरा हुआ है। देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली, जिसके चलते जहां आसमान में बादल छा गए और तेज हवा चलने लगी।
मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते धूल उड़ने लगी और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, जबकि तेज हवा के बीच हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम खराब होने के चलते अनाज मंडियों में खुले में पड़ी गेहूं की उठान न होने पर आढ़तियों और किसानों की चिंता बढ़ गई तो वहीं शनिवार व रविवार को भी मौसम में बदलाव रहने की संभावना जताई जा रही है।
शुक्रवार को अल सुबह तेज हवा चलती रही जबकि दिन में तेज धूप के चलते तापमान बढ़ा और गर्मी का आभास होने लगा। गर्मी से राहत पाने के लिए जहां लोगों ने ठंडे पेय पदार्थों का सेवन किया तो वहीं तेज धूप से बचने के लिए मुंह ढककर गर्मी से राहत पाई। वहीं गर्मी के कारण दोपहर को बाजार में भी सन्नाटा देखने को मिला।
गर्मी से बचने के लिए दुकानदारों और घरों में लोगों ने पंखों और कूलरों का सहारा लिया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार बने हुए है।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार शनिवार देर रात से मौसम में बदलाव के आसार बने हुए हैं। पश्चिमी विक्षोभ के चलते शनिवार को 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और आसमान में बादल छाने के आसार रहेंगे, जिससे बूंदाबांदी होने की संभावना बनी हुई है, जबकि रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी होने के आसार रहेंगे।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव : डॉ. सीबी सिंह
कृषि विशेषज्ञ डॉ. सीबी सिंह का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है, जिससे शनिवार देर रात को 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और बूंदाबांदी होने की संभावना है, जबकि रविवार को भी मौसम खराब रहने और हल्की बूंदाबांदी होने के आसार रहेंगे। सोमवार से फिर मौसम साफ होने की संभावना बनी हुई है।
आठ फीसदी गेहूं अभी भी उठान की इंतजार में, ब्रह्मसरोवर परिसर भी नहीं हुआ खाली
बता दें कि जिले में शुक्रवार देर शाम तक 57 लाख सात हजार 260 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जिसमें से 92 फीसदी 52 लाख 41 हजार 920 क्विंटल गेहूं का उठान किया गया है। अभी भी चार लाख 62 हजार 340 क्विंटल गेहूं उठान की इंतजार में है। वहीं गत दिवस तक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा दो लाख 78 हजार 983 एमटी, हैफेड द्वारा दो लाख 65 हजार 248 एमटी, हरियाणा वेयर हाउसिंग द्वारा 22327 व ट्रेडर्स द्वारा 3486 एमटी गेहूं की खरीद की गई है। उन्होंने कहा कि अजराना कला मंडी में 5692 एमटी, अमीन मंडी में 2710 एमटी, बाबैन मंडी में 27634 एमटी, बारना मंडी में 1841 एमटी, भौर सैयदां मंडी में 3228 एमटी, बोधनी मंडी में 8259 एमटी, चढूनी जाटान मंडी में 2228 एमटी, गुमथला गढ़ु मंडी में 19467 एमटी, इस्माईलाबाद मंडी में 81396 एमटी, झांसा मंडी 11991 एमटी, कराह साहिब मंडी में 15544 एमटी, किरमच मंडी में 1997 एमटी, कुरुक्षेत्र मंडी में 99028 एमटी, लाडवा मंडी में 80587 एमटी, लुखी मंडी में 2187 एमटी, मलिकपुर मंडी में 7795 एमटी, नलवी मंडी में 1673, नीमवाला में 5351 एमटी, पिहोवा मंडी में 79023 एमटी, पिपली मंडी में 27912 एमटी, शाहाबाद मंडी में 54995 एमटी, थाना मंडी में 3240 एमटी, ठोल मंडी में 26266 एमटी गेहूं की खरीद की गई है।