अपने लाडले की ओर से लिए गए इस्तीफे के फैसले को गांव सिवानी मंडी के लोगों ने सही करार दिया है। इस्तीफे की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोग देर रात तक टीवी से चिपके रहे।
अरविंद केजरीवाल की हर बात को सुनने के लिए बेताब दिखे। शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद की ओर से लिए गए फैसले को सिवानी मंडी के लोगों ने सही करार दिया।
अरविंद के चाचा गिरधारी लाल ने कहा कि उनके भतीजे ने सही फैसला लिया है। वह एक बदलाव करना चाहते थे।
कांग्रेस ने उनका साथ देने का नाटक कर उन्हें धोखा दिया। कांग्रेस-भाजपा देश में बदलाव को नहीं देखना चाहती। इस कारण उन्होंने आम आदमी पार्टी को कुर्सी से हटाने के लिए लगातार षड्यंत्र रचे।
दूसरे चाचा मुरारीलाल ने कहा कि अरविंद बेहद समझदार है। उन्होंने जो फैसला लिया है, वह उचित होगा। अनाज मंडी एसोसिएशन प्रधान दीनदयाल ने कहा कि उनके गांव के लड़के ने देश को हिलाने का काम किया है।