जुंडला में एक युवक ने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने पड़ोसियों पर तंत्र विद्या में फंसाकर युवक को परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनसे तंग आकर युवक आत्महत्या के लिए मजबूर हुआ है। मृतक के मामा की शिकायत पर पुलिस ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जुंडला निवासी 70 वर्षीय अजमेर ने बताया कि उसकी बहन दर्शनी देवी 25 साल से हमारे ही गांव में रह रही है। जिसके तीन बच्चे हैं, सबसे बड़ा 29 वर्षीय संजीव है। 23 जून को संजीव ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका आरोप है कि गांव के मनीष, तोषी और सलिन्द्र अपने घरों में तंत्र विद्या करते हैं, संजीव भी इनके पास आता जाता था। इन्हीं से तंग आकर उसने आत्महत्या की है।
मजदूरी करता था संजीव, तीन बेटियां हैं
संजीव आटा चक्की की दुकान पर मजदूरी करता था। पिता की मौत के बाद से परिवार जुंडला गांव में रह रहा था। मृतक की तीन छोटी बेटियां हैं। चक्की संचालक मनोज कुमार ने बताया कि एक साल से संजीव परेशान था। 10 साल से चक्की पर काम करता था। सप्ताह में दो तीन दिन उसे पता ही नहीं चलता था कि उसके साथ क्या हो रहा है और क्या नहीं।