फेसबुक पर सस्ती कार देखकर खरीदना सीएसएसआरआई के रिटायर्ड अधिकारी को महंगा पड़ गया। ठग ने खुद को भारतीय सेना का जवान बताकर रिटायर्ड अधिकारी को भरोसे में लिया। फिर 75 हजार रुपये की कार की डिलीवरी प्रक्रिया के नाम पर दो लाख रुपये अपने खाते में डलवा लिए। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में सीएसएसआरआई से रिटायर्ड एवं सदर बाजार निवासी अश्वनी कुमार हंस ने बताया कि 16 जून को फेसबुक पर कार खरीदने के लिए उन्होंने विज्ञापन देखा और दिए गए फोन नंबर पर बात की। फोन उठाने वाले ने खुद को न्यू दिल्ली निवासी भारतीय सेना का जवान अरुण कुमार बताकर कहा कि वह जैसलमेर में तैनात है और ट्रांसफर जम्मू में हो गया है, इसलिए अपनी कार बेच रहा है। व्हाट्सएप पर कार की तस्वीरें दिखाकर 75 हजार रुपये कीमत बताई। हमने उससे कहा कि गाड़ी देखने आ रहे हैं तो उसने बताया कि मैं जैसलमेर में ड्यूटी पर हूं आप मुझे ट्रांसपोर्ट चार्ज के 5150 रुपये भेज दो, मैं कार करनाल आर्मी ट्रांसपोर्ट से भिजवा दूंगा। पेमेंट गाड़ी चेक करने के पश्चात कर देना। हमें विश्वास दिलाने के लिए उसने अपना आधार कार्ड, मिलिट्री का कैंटीन स्मार्ट कार्ड और इंडियन आर्मी ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की रसीद की फोटो भेजी और कहा कि 18 जून को कार करनाल पहुंच जाएगी और आर्मी ट्रांसपोर्ट का सदस्य आपको फोन करेगा उसके बाद आप कार चेक कर गाड़ी की पेमेंट 75 हजार रुपये कर देना।
ट्रांसपोर्ट चार्ज और इंश्योरेंस फीस के नाम पर तीन बार लिए पैसे
अश्वनी ने बताया कि 18 जून को दोपहर 1.16 बजे आर्मी ट्रांसपोर्ट सदस्य जयकिशन का फोन आया और कहा कि कार कैथल आर्मी ट्रांसपोर्ट पर पहुंच चुकी है। यहां से गाड़ी आगे लाने के लिए 36400 रुपये ट्रांसफर फीस जमा करवानी पड़ेगी। आरोपी अरुण से बात करने के बाद हमने पैसे दे दिए। थोड़ी देर बाद ट्रांसपोर्ट सदस्य का फिर फोन आया और कहा कि आपने पेमेंट गलत जमा करवा दी है। आर्मी के नियम के अनुसार 36000 रुपये और 400 रुपये और अलग-अलग भेजने पड़ेंगे। इसमें से 400 रुपये ट्रांसपोर्ट चार्ज लगेंगे। शेष 72400 रुपये कार डिलीवरी के समय आपको वापस कर देंगे। हमने यह पेमेंट भी कर दी। तीसरी बार फोन कर आरोपी ने कहा कि आपको 52800 रुपये और जमा करवाने होंगे, जो कि कार की इंश्योरेंस फीस होगी। यह राशि कार की डिलीवरी पर रिफंड होगी। यदि यह पेमेंट नहीं की तो कार सीज हो जाएगी। अरुण से बात करने के बाद हमने यह राशि भी दे दी।