फोटो संख्या- 04
शादी समारोह में हुए विवाद के बाद रात में युवक की गोली मारकर हत्या
गुस्साए परिजनों ने निसिंग गुरुद्वारा चौक पर ढाई घंटे तक लगाया जाम, पुलिस के आश्वासन पर खोला
मुख्य आरोपी सहित छह के खिलाफ केस दर्ज, जल्द गिरफ्तारी की मांग
हत्यारोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की चार टीमें कर रहीं छापामारी
संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग (करनाल)। शादी समारोह में कहासुनी के बाद नीलोखेड़ी के गोंदर गांव में गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्या आरोपी मृतक के गांव का ही बताया जा रहा है। दूसरी ओर हत्या की घटना से नाराज मृतक के परिजनों ने निसिंग गुरुद्वारा चौक पर जाम लगा दिया। करीब ढाई घंटे जाम के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी जगदीप दून के आश्वासन पर मृतक के परिजनों ने जाम हटाया।
मृतक के भाई अमित राणा ने बताया कि गांव गोंदर निवासी पूर्व सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार के बेटे अजय प्रताप की शादी की पार्टी दो दिसंबर को गुनियाना रोड स्थित एक पैलेस में आयोजित की गई थी। जिसमें उनका भाई गोल्डी राणा-25 और आरोपी अजीत राणा भी गए हुए थे। सभी खुशी में डीजे पर नाच रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर अजीत और गोल्डी में कहासुनी हो गई। गांव के समझदार लोगों ने दोनों को समझा बुझाकर शांत कराया। लेकिन आरोप है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद रात में अजीत ने अपने चाचा के लड़के से फोन कराकर गोल्डी को घर से बाहर बुलाया और मारपीट कर पेट में गोली मार दी। अजीत को गोली लगने की सूचना पर परिजन उसे लेकर सीएचसी निसिंग पहुंचे, जहां से उसे कल्पना चावला मेडिकल कालेज में रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान शुक्रवार की सुबह करीब ढाई बजे गोल्डी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं दोपहर में नाराज परिजनों ने निसिंग गुरुद्वारा चौक पर पांच आरोपियों के एफआईआर में नाम जोड़ने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर जाम लगा दिया। पुलिस ने परिजनों को शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा देकर जाम खुलवाया। साथ ही हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की सीआईए सहित चार टीमें बनाई गई हैं। हत्या की वारदात के बाद गांव में स्थिति तनावपूर्ण है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
वर्जन
परिजनों की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी अजीत पर पहले ही मारपीट के पांच मामले दर्ज हैं। ग्रामीणों को कहना है कि हवाई फायर भी किया गया है, लेकिन पुलिस को एक ही गोली लगने की सूचना मिली है। आरोपियों को पकड़ने के लिए सीआईए की चार टीमें छापामारी कर रहीं हैं।
--जगदीप दून, डीएसपी करनाल।