शहर के भीमनगर में तीन दोस्तों ने अपने ही अठारह वर्षीय दोस्त की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वे लोग युवक का शव उसी के घर के बाहर फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी युवक की गिरफ्तारी अभी नहीं हो पाई है।
सदर बाजार चौकी के एएसाई के अनुसार, करनाल के भीम नगर में रहने वाला अंकित (18) पुत्र सुरेश कुमार, बीती रात अपने तीन दोस्तों के साथ गया था। मृतक के भाई सागर ने बताया कि करीब आठ बजे उसके तीन दोस्त जनकपुरी निवासी तरुण और राहुल और भीम नगर निवासी राजा उनके घर पर आए और उसके अंकित को साथ ले गए। इसके बाद शनिवार को अंकित घर नहीं लौटा तो उन्हें चिंता हुई।
अगले दिन युवक के तीनों दोस्त उसके शव को घर के बाहर फेंक गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस शव का पोस्ट मार्टम करवाया, जिसमें पता चला है कि अंकित के सिर पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने अंकित के परिजनों की शिकायत पर तीनों युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और तीन में दो युवकों तरुण और राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तीसरे आरोपी युवक की गिरफ्तारी अभी नहीं हो पाई है।