घरौंडा। कुटेल-फैज अलीपुर रोड पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुटेल निवासी प्रवीण शनिवार को देर शाम मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने ससुराल लालूपूरा से बच्चों को लेने के लिए रवाना हुआ था। परिजनों के अनुसार जब प्रवीण देर रात तक लालूपूरा नहीं पहुंचा तो उनकी चिंता बढ़ गई। रविवार की सुबह है किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी कि कुटेल फैज अलीपुर रोड पर एक मोटरसाइकिल सड़क के किनारे पड़ी हुई है वह उसके पास ही एक व्यक्ति का शव भी पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शिनाख्त कुटेल निवासी प्रवीण के रूप में हुई। पुलिस ने प्रवीण के परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रवीण के परिजन मौके पर पहुंच गए। जांच में पाया गया कि प्रवीण के सिर पर चोट के निशान थे। बाइक पूरी तरह से टूटी हुई थी। परिजनों को आशंका है कि प्रवीण कि किसी व्यक्ति ने हत्या कर दी है और शव को सड़क किनारे फेंक दिया है प्रवीण के परिजनों ने पुलिस से हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। थाना प्रभारी सज्जन कुमार ने बताया फैजअली पुर के पास एक शव मिला। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।