संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित आईटीआई चौक के पास स्कॉर्पियों सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में स्कॉर्पियों में सवार चार दोस्तों में से भगत सिंह कॉलोनी निवासी खुशदीप सिंह (24) की मौत हो गई। जबकि अन्य तीन घायल हो गए। खुशदीप सिंह अपने परिवार का इकलौते बेटे थे। हादसे की सूचना के बाद थाना सिविल लाइन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह से पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ट्राॅला चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
भगत सिंह कालोनी निवासी जसविंद्र सिंह ने बताया कि उनका बेटा खुशदीप इमीग्रेशन का काम करता था। मंगलवार देर रात को स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर अपने चार दोस्तों के साथ एक दोस्त को जलमाना गांव में छोड़ने के लिए गए थे। वहां से वापस आने के बाद चारों स्कॉर्पियों गाड़ी में सवार होकर मेरठ रोड पर खाना खाने के लिए जा रहे थे। लेकिन बाद में सभी दोस्तों की योजना झिलमिल ढाबा पर खाना खाने की बनी। वहां से सभी गाड़ी लेकर कर्ण लेक के नजदीक झिलमिल ढाबा पर खाना खाने पहुंच गए। देर रात करीब डेढ़ बजे जब चारों बलड़ी बाइपास से आगे आईटीआई चौक के नजदीक पहुंचे तो उनकी स्कॉर्पियों सड़क पर ख़ड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर ने खुशदीप को मृत घोषित कर दिया। तीन दोस्त करण, गुरजीत और खुशप्रीत घायल हैं। तीनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। थाना सिविल लाइन प्रभारी रामलाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इमीग्रेशन का करता था काम
भगत सिंह काॅलोनी निवासी खुशदीप परिवार का इकलौता सहारा था। जोकि इमीग्रेशन का काम करता था। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। हादसे की सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया।