अंबाला के अति संवेदनशील इलाके में एक संदिग्ध युवक को एयरफोर्स कर्मियों ने काबू कर लिया। एयरफोर्स कर्मियों ने युवक से करीबन सात-आठ घंटे तक पूछताछ की और उसके बाद उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।
युवक की पहचान फिलहाल करनाल के गांव केलरम का रहने वाला है। शनिवार देररात तक स्थानीय पुलिस युवक से पूछताछ करती रही।
एक युवक एयरफोर्स सिपाही वर्दी पहनकर सैन्य क्षेत्र स्थित जीएमएन कालेज के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा था। ये युवक वहीं कॉलेज के पास एक स्टोर में गया और वहां से उसने एयरफोर्स अफसरों के बैज खरीदें और उसके बाद एयरफोर्स स्टेशन की ओर बढ़ने लगा।
तभी वहां से गुजर रहे एयरफोर्स कर्मियों ने इस संदिग्ध युवक को देखा और उसका थोड़ी देर तक पीछा कर उसकी गतिविधि पर नजर रखी। उसके बाद इसकी सूचना एयरफोर्स पुलिस को दी गई। एयरफोर्स पुलिस अथारिटी ने इस युवक को वहीं राउंडअप कर हिरासत में ले लिया।
इस दौरान जब युवक की तलाशी ली गई तो उसकी जेब में से अफसरों के बैज और एक वारंट अफसर का फर्जी पहचान पत्र भी मिला। जिसे देखकर एयरफोर्स पुलिस हैरान हो गई। उसके बाद शाम तक कई घंटों की पूछताछ के बाद युवक को शनिवार रात को अंबाला कैंट पुलिस को सौंप दिया गया।
शनिवार देररात इसकी सूचना एसीपी, डीसीपी और पुलिस कमिश्नर को दी गई। स्थानीय पुलिस देररात तक युवक से पूछताछ करने में जुटी रही। पुलिस कमिश्नर राजबीर सिंह देसवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आर्मी क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक पकड़ा गया है।
अभी स्थानीय पुलिस इस बारे में पूछताछ कर रही है कि उसका मकसद क्या था और वह यहां क्या कर रहा था। उधर, करनाल से युवक के परिजनों को अंबाला पुलिस ने बुला लिया है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।