- एनएमएमएसएस की परीक्षा आज, नौ केंद्रों पर 2699 विद्यार्थी लेंगे हिस्सा
- पास होने वालों को मिलेगी 12 हजार रुपये तक छात्रवृत्ति
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन के लिए राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति दी जाती है। रविवार को इस परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा के लिए करनाल में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा के समय से आधा घंटा पूर्व प्रवेश मिलेगा। वहीं परीक्षा संपन्न होने के बाद विद्यार्थी इस बार प्रश्नपत्र अपने साथ घर ले जा सकेंगे।
करनाल में परीक्षा के लिए कुल नौ केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर 2699 विद्यार्थी परीक्षा में हिस्सा लेंगे। परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू होगी और दोपहर दो बजे तक चलेगी। साढ़े 10 बजे से विद्यार्थियों को प्रवेश देना शुरू कर दिया जाएगा और परीक्षा के समय से पांच मिनट पूर्व गेट बंद हो जाएगा। विदित हो कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद हरियाणा (एससीईआरटी) की ओर से राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। छात्रवृत्ति केवल आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए है। यदि वे परीक्षा पास करते हैं तो उन्हें 12वीं तक की पढ़ाई करने तक हर माह छात्रवृत्ति की राशि मिलेगी।
दो लिखित परीक्षाएं होंगी आयोजित
- एनएमएमएसएस के लिए एक लिखित परीक्षा दो भागों में आयोजित की जाएगी। पहला भाग मानसिक योग्यता परीक्षण का रहेगा। जिसमें एक-एक अंक के 90 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
- दूसरा भाग बौद्धिक योग्यता परीक्षण का रहेगा। इसमें भी एक-एक अंक के 90 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इस भाग में 35 प्रश्न विज्ञान, 20 गणित और 35 सामाजिक विज्ञान के रहेंगे।
- 90-90 मिनट की इन परीक्षाओं में सभी प्रश्नों के उत्तर देना अनिवार्य रहेगा। परीक्षा के लिए कोई सीमित पाठ्यक्रम नहीं है, फिर भी प्रश्नों का स्तर आठवीं कक्षा के लिए होने वाले हरियाणा बोर्ड, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षा के पाठ्यक्रम के स्तर के अनुरूप ही होगा।
-
यह हैं निर्देश
- केवल मेधा सूची में नाम आने के बाद विद्यार्थी को छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। इसके लिए चयनित विद्यार्थी को एनएसपी पोर्टल पर आवेदन करना होगा। यह पोर्टल बाद में खुलेगा।
- मेधा सूची में नाम आने पर आय का प्रमाणपत्र प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट या अन्य सक्षम अधिकारी से बनवाकर जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में देना होगा।
- अनुसूचित जाति या जनजाति के विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र बनवाकर ऑनलाइन आवेदन के समय अपलोड करना होगा। यदि ऐसा नहीं किया तो उन्हें सामान्य वर्ग में माना जाएगा।
इन नौ स्कूलों में बने केंद्र
केंद्र
परीक्षार्थी
जीजीएचएस सेक्टर-13
301
जीजीएसएसएस प्रेमनगर
310
जीएसएसए प्रेमनगर
311
जीएसएसएस बस स्टैंड के पीछे
314
गुरु नानक खालसा स्कूल, बस स्टैंड के नजदीक
308
जैन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेलवे रोड
313
एसडी बाल मंदिर स्कूल राम नगर
303
एसडी कन्या स्कूल रेलवे रोड
304
एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेलवे रोड
235
विद्यार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। देरी से आने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा नौ केंद्रों में आयोजित होगी। आवेदक विद्यार्थी हरियाणा के सरकारी या अनुदान प्राप्त विद्यालय में ही पढ़ रहा होना जरूरी है।
- छत्रपाल, नोडल अधिकारी एवं जिला गणित विशेषज्ञ