इंद्री। इंद्री क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब पत्रकारिता और टूरिज्म जैसे प्रोफेशनल कोर्स करने के लिए शहर जाने की जरूरत नहीं है। शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय मटक माजरी से पढ़ाई कर सकेंगे।
प्रोफेशनल स्नातक कोर्स बीए जनसंचार और बैचलर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट कोर्स शुरू हो गया है। प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने बताया कि दोनों कोर्स में दाखिले के लिए 12वीं पास विद्यार्थी 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों ही कोर्स में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। दोनों कोर्स में 40-40 सीट रखी गई हैं। प्राचार्य ने कहा कि पाठ्यक्रम में छात्रों को समाचार लेखन एवं रिपोर्टिंग, वीडियो प्रोडक्शन व एडिटिंग, मीडिया लेखन व संपादन, डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया के साथ ही रेडियो, टेलीविजन व समाचार प्रस्तुति जैसे विषयों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य युवा पत्रकारों बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुरूप तैयार करना है। जिस विद्यार्थी ने 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं की परीक्षा पास की है, वे इन प्रोफेशनल कोर्सों में दाखिले के लिए वेबसाइट https://admissions.highereduhry.ac.in/ पर जाकर 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। विद्यार्थी ज्यादा जानकारी के लिए महाविद्यालय में संपर्क कर सकते हैं।