करनाल। अब कामकाजी महिलाओं को बच्चों को घर पर अकेले छोड़कर काम पर जाने की चिंता से छुटकारा मिलेगा। कर्ण नगरी को जल्द ही ऐसे डे-केयर सेंटर की सौगात मिलने वाली है जहां 6 वर्ष तक के बच्चों को मां छोड़ सकेंगी। बाल भवन में ऑल वेदर टॉय ट्रेन कम एम्यूजमेंट जॉन प्रोजेक्ट के तहत वर्ल्ड क्लास स्मार्ट डे केयर सेंटर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसका कार्य फरवरी तक पूरा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से इस प्रोजेक्ट के लिए करीब 70 लाख रुपये की घोषणा की गई थी। इसके निर्माण की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई है। निचले तल में टॉय ट्रेन के साथ झूले, स्टेज, प्रथम तल पर वर्ल्ड क्लास स्मार्ट डे केयर सेंटर, लर्निंग एरिया, स्लीपिंग, वाशिंग, डाइनिंग, पैंट्री एरिया होगा। वहीं, इनडोर प्ले और स्टेज एरिया बनाने की योजना है। दूसरे तल पर भी बच्चों की क्रिया-कलापों से संबंधित व्यवस्था होगी। यहां पर बच्चों को संभालने के लिए प्रशिक्षित स्टाफ की सुविधा भी रहेगी।