संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। आगामी मानसून के सीजन में छावनी वासियों को जल भराव की समस्या से न जूझना पड़े, इसके लिए प्रशासनिक अमला धरातल पर उतर गया है। बुधवार को एसडीएम कनिका गोयल ने अपने कार्यालय में नगर निगम, पब्लिक हेल्थ, सिंचाई, राजस्व, रेलवे, कैंटोनमेंट बोर्ड और आपदा प्रबंधन विभाग के आला अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की।
बैठक में एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि मानसून की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। एसडीएम ने संवेदनशील और मुख्य इलाकों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा भी लिया।
एसडीएम ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने की हिदायत देते हुए डेडलाइन तय कर दी है। उन्होंने निर्देश दिए कि छावनी क्षेत्र के सभी मुख्य नालों, सीवरेज और बरसाती नालों की सफाई का काम युद्ध स्तर पर चलाकर 30 मई तक हर हाल में पूरा किया जाए। एसडीएम ने बैठक खत्म होते ही अधिकारियों की टीम को साथ लेकर सीधे संबंधित संवेदनशील और मुख्य इलाकों में उतर गईं।
उन्होंने छावनी के कई संवेदनशील और मुख्य इलाकों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। एसडीएम 12 क्राॅस रोड़ और गुडगुडिया नाला, रामबाग रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट, शिवपुरी कालोनी, एकता विहार और इंडस्ट्रियल एरिया, गांधी ग्राउंड और महेशनगर रोड पर केडी अस्पताल के नजदीक का क्षेत्र, रेलवे और कैंटोनमैंट बोर्ड के अधीन आने वाले नालों का निरीक्षण किया।