लाभार्थी को लाल डोरा संपत्ति प्रमाण पत्र देते नगर निगम के संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह। संवाद
करनाल। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सुविधा के लिए नगर निगम कार्यालय के सभागार में बुधवार को शिविर लगाया गया। इस दौरान पात्र लाभार्थियों के लाल डोरा संपत्ति प्रमाणपत्र मौके पर ही तैयार किए गए और संबंधित प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया। इसकी अध्यक्षता नगर निगम के संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह ने की। उन्होंने बताया कि विशेष शिविर में 100 से अधिक व्यक्तियों ने भाग लिया और अपनी संपत्ति से संबंधित दस्तावेज जमा करवाए। इस दौरान 10 पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही संपत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। संयुक्त आयुक्त ने बताया कि शिविर के दौरान प्राप्त सभी दस्तावेजों की विधिवत जांच की जाएगी। मौके पर कर अधीक्षक महावीर मलिक, पीएमएवाई शाखा से एमआईएस एक्सपर्ट गौरव कंसल, टीसीई दिनेश कुमार तथा लिपिक प्रदीप कुमार मौजूद रहे। ब्यूरो