खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कांबोज ने शुक्रवार को डेढ़ करोड़ रुपये
की लागत से नवनिर्मित महिला पुलिस थाने का शुभारंभ किया। महिला थाने के
उद्घाटन से आधा घंटा पहले के एक पीड़ित महिला शिकायत लेकर थाने पहुंच गई।
महिला ने शिकायत देनी चाही तो स्टाफ ने उद्घाटन से पहले शिकायत लेने से
इंकार कर दिया।
महिला को मंत्री के आने तक थाने के उद्घाटन का इंतजार करना
पड़ा। करीब 11 बजे मंत्री द्वारा थाने के उद्घाटन के बाद ही महिला की
शिकायत दर्ज की गई। इस दौरान एसपी पंकज नैन, डीएसपी सुरेंद्र कौर समेत थाना
प्रभारी लक्ष्मी देवी समेत स्टाफ मौजूद रहा।
थाने के उद्घाटन के बाद
एनडीआरआई के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थिति को संबोधित करते हुए
मंत्री कर्णदेव कांबोज ने कहा कि महिलाएं इन थानों की स्थापना से बेहिचक
अपनी बात कह सकेंगी। इस मौके पर ओएसडी अमरेंद्र सिंह ने कहा कि बेटियों के
बिना समाज की परिकल्पना नहीं की जा सकती। प्रदेश में सत्ता बदल गई है और अब
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व्यवस्था बदल रहे हैं। समारोह में घरौंडा के
विधायक हरविंद्र कल्याण ने कहा कि प्रदेश सरकार में महिला पुलिस थाने खोलकर
महिला सशक्तीकरण की राह में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बेटियां हमारी
सभ्यता और संस्कृति का आधार हैं। मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि हरियाणा
की तरक्की और नारी के सम्मान के लिए प्रदेश सरकार महत्वपूर्ण कदम उठा रही
है।
दो पीसीआर व दो राइडरों को भी महिलाएं ही चलाएंगी
इस महिला
थाने में 27 महिला कर्मचारी रहेेंगी। एसएचओ सहित पीसीआर की गाड़ी और दो
राइडर तैनात किये गए हैं, जिनको महिला कर्मचारी ही चलाएगी। महिला पुलिस
थाने में डीएसपी रूम, एसएचओ रूम, प्रोटेक्शन ऑफिसर कार्यालय, जांच रूम, माल
खाना, दो लॉक अप, बैरक, किचन, डाइनिंग हॉल, रिसेप्शन रूम, शौचालय इत्यादि
की व्यवस्था की गई है। समारोह में पुलिस अधीक्षक पंकज नैन ने बताया कि
महिला थाने में सुरेंद्र कौर डीएसपी, लक्ष्मी देवी एसएचओ, 2 एसआई, 4 एएसआई,
6 हवलदार तथा 13 सिपाही सहित सभी 27 महिला पुलिस कर्मचारियों की नियुक्ति
की गई है। इस महिला पुलिस थाने में करीब 21 कमरे हैं और यह हरियाणा पुलिस
हाउसिंग कारपोरेशन द्वारा बनाया गया है। महिला पुलिस थाने में कंप्यूटर
व्यवस्था, बेहतरीन फर्नीचर, वाटर कूलर, परिसर में हरियाली इत्यादि की
व्यवस्था उपलब्ध है।
घरवाला पीटता है : रेखा
पुलिस को दी शिकायत
में रेखा ने बताया कि उसका पति उसे पीटता है। साथ ही बच्चों के साथ भी
मारपीट करता है। वह कई बार पुलिस को शिकायत कर चुकी है, पर कोई कार्रवाई
नहीं की गई। रेखा ने यह भी बताया कि वह न्याय चाहती है और उसके पति के
खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। मारपीट और घर में हंगामे की रोजाना
बात हो गई है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए लांच किया सेफ्टी पंच ऐप
इस
मौके पर उपस्थित अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र कौर और जज
तरन्नुम खान ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाया गया मोबाइल ऐप सेफ्टी पंच
भी लांच किया। मौके पर डीएसपी जितेंद्र गहलावत, डीएसपी राजकुमार, डीएसपी
राजेश कुमार, बीजेपी के जिलाध्यक्ष अशोक सुखीजा, सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण
गर्ग, प्रवीन लाठर, कुलदीप शर्मा, जगदेव पाढा, प्रदीप जैन, सुमन जैन, रणवीर
गोयत, अनुपा, दिया, सुनील कुमार, राजेश एडवोकेट, डॉ. अनिता अग्रवाल, मनोज
वधवा, नीना राय सहित पुलिस के आला अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व स्कूली
छात्राएं उपस्थित थीं।
हॉकी टीम की कप्तान रहीं सुरेंद्र बनीं महिला थाने की डीएसपी
भारत
की महिला हॉकी टीम की कप्तान रहीं सुरेंद्र कौर करनाल स्थित महिला पुलिस
थाने की डीएसपी नियुक्त की गई हैं। वर्ष 2002 में भारत की टीम को एशियन गेम
में स्वर्ण पदक दिलाने वाली सुरेंद्र कौर का कहना है कि सरकार ने जो
जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसका पूरी तरह से निर्वाह किया जाएगा। इसके साथ ही
थाना प्रभारी की जिम्मेदारी लक्ष्मी देवी को सौंपी गई है।