पत्नी से लिफ्ट मंगवाकर लोगों के साथ लूटपाट करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने काबू कर लिया है। पुलिस इस गैंग की महिला और एक व्यक्ति को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस गैंग के खिलाफ कुरुक्षेत्र में चार मामले, सोनीपत में एक व जींद में एक मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार 5 दिसंबर 2019 को सुरेंद्र पुत्र पूर्ण चंद वासी गांव खेड़ी नरु जिला करनाल से गांव जुंडला के पास एक महिला द्वारा लिफ्ट मांगी गई थी। महिला ने सुरेंद्र को बातों में उलझाया व सुनसान जगह पर ले जाकर अपनी गैंग के अन्य सदस्यों के साथ उससे एक लाख रुपये छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना सदर जिला करनाल में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
जांच सीआईए-1 टीम को दी गई। टीम ने 30 अगस्त 2021 को आरोपी महिला सुदेश वासी देवडू ऋषि कालोनी सोनीपत व अनिल वासी गांव बराना जिला पानीपत को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से इस मामले में 40 हजार रुपये भी बरामद किए गए थे। आरोपी महिला ने अपने पति रिंकू के साथ वारदात को अंजाम देेने की बात का खुलासा किया था जोकि वारदात को अंजाम देने के बाद से ही फरार चल रहा था। 17 मई को सीआईए-2 एएसआई मनोज कुमार ने आरोपी रिंकू निवासी कोहंड जो हाल में देवडू रोड ऋषि कालानी सोनीपत में रह रहा था उसे मूनक रोड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 5 हजार रुपये बरामद किए गए। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इन वारदातों का किया खुलासा
1. 14 जनवरी 2020 को आईपीसी की धारा 382,120बी के तहत थाना रामनगर जिला करनाल में दर्ज किया गया। जिसमें पीड़ित संजीव कुमार निवासी कर्म सिंह कालोनी करनाल ने बताया कि 14 जनवरी 2020 को एक महिला द्वारा क्रिस्टल होटल के पास से उससे लिफ्ट मांगी गई। रास्ते में आगे जाकर उस महिला ने संजीव को बातों में उलझाकर रास्ते में रुकवाया। जैसे ही गाड़ी रुकी पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक आए और पूर्व नियोजित तरीके से तीनों ने उसके साथ मारपीट की व सोने की अंगूठी व गाड़ी की चाबी छीनकर संजीव को गाड़ी में बंद कर तीनों फरार हो गए।
2. 9 अगस्त 2020 को आईपीसी की धारा 379, 380 के तहत थाना रामनगर में केस दर्ज किया गया। पीड़ित रामदास निवासी शिव कालोनी जिला करनाल ने बताया कि 9 अगस्त 2020 को कैथल रोड करनाल पर एक महिला द्वारा उससे लिफ्ट मांगी गई और गुरुनानक पुरा से आगे नहर की पटरी पर छोड़ने की बात कही। जैसे ही रामदास ने बाइक रोकी पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक आए और उसे धमकाया गया। फिर तीनों ने मिलकर एक सोने की अंगूठी, पर्स व जरूरी कागजात छीनकर फरार हो गए।
3. 7 फरवरी 2020 को आईपीसी की धारा 379, 420 के तहत थाना शहर करनाल में मामला दर्ज किया गया। जिसमें पीड़ित भूपेश निवासी अर्बन स्टेट करनाल ने बताया कि 6 फरवरी 2020 को एक महिला ने नमस्ते चौक से कर्ण लेक पर जाने के लिए लिफ्ट मांगी। जैसे ही गाड़ी कर्ण लेक के पास पहुंची एक बाइक पर सवार दो युवक आए और गाड़ी रुकवाकर भूपेश को डरा कर सोने की चेन व लॉकेट छीनकर फरार हो गए।
4. 29 जून 2020 को आईपीसी की धारा 379, 420 के तहत थाना सेक्टर 32/33 करनाल में दर्ज किया गया। जिसमें पीड़ित पवन कुमार निवासी एकता नगर सलीमपुर रोड नेवल ने बताया कि 29 जून 2020 को वह बाइक पर कहीं जा रहा था अशोका नर्सरी के गेट के पास एक महिला ने उससे लिफ्ट मांगी। आगे रास्ते में महिला ने बाइक रुकवाई और अपने किसी जानकार के आने की बात कहकर इंतजार करवाने लगी। थोड़ी देर बाद एक बाइक पर दो युवक आए और पवन की बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर धमका कर सोने की चेन, अंगूठी व नगदी छीनकर फरार हो गए।
5. 28 जून 2020 को आईपीसी की धारा 379,420 के तहत थाना सेक्टर 32/33 में दर्ज किया गया। प्रेमचंद जैन निवासी सेक्टर-14 करनाल ने बताया कि 25 जून 2020 को सेक्टर-6 करनाल चौक पर एक महिला ने लिफ्ट ली और कहा कि मुझे सांई बाबा मंदिर चौक पर छोड़ देना। जैसे ही संजीव सांई बाबा मंदिर के बाहर पहुंचा एक गाड़ी में तीन युवक व एक बाइक पर दो युवक आए और महिला ने पांचों के साथ मिलकर बहला फुसला उसे ग्रीन बेल्ट की तरफ ले गए और गलत इल्जाम लगा कर धमकाया। इसके बाद 50 हजार रुपये व 2 सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गए।