इंद्री करनाल यमुनानगर स्टेट हाइवे पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करती आशा वर्कर्स।
इंद्री। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के आवास का घेराव करने जा रहीं आशा वर्कर्स को पुलिस ने करनाल-यमुनानगर स्टेट हाईवे पर गांव खानपुर के पास रोक लिया। जिसके बाद आशा वर्कर्स स्टेट हाईवे पर ही बैठ गईं और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब चार घंटे तक धरना देने के बाद स्टेट कमेटी के आह्वान पर आशा वर्कर सड़क से उठीं।
इस दौरान राहगीरों को जाम के कारण परेशानी हुई। थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने रूट भी डायवर्ट किए। अपनी मांगों के समर्थन में आशा वर्कर्स ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की कोठी का घेराव करने का अल्टीमेटम दिया था। गुरुवार को जैसे ही क्षेत्र की करीब दो दर्जन आशा वर्कर्स मंत्री की कोठी का घेराव करने रवाना हुई तो गांव खानपुर के पास पुलिस ने रोक लिया।
प्रदेश सचिव सुदेश ने बताया कि सरकार ने घोषणाओं को आज तक पूरा नहीं किया है। जिसके संबंध में स्वास्थ्य मंत्री के साथ मीटिंग भी की जा चुकी है। परंतु कोई समाधान नहीं निकला। आशा वर्कर्स ने सरकार को 16 फरवरी तक सभी मांगें मानने का अल्टीमेटम दिया था। परंतु सरकार ने मांगों को नहीं माना। इसलिए शुक्रवार को जिला स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। मौके पर संतोष, सरला, बाला, रेखा, कृष्णा, सुनीता, गीता और ममतेश मौजूद रहीं।