संवाद न्यूज एजेंसी
नीलोखेड़ी। एक देश एक चुनाव के लिए निकाली जा रही पद यात्रा वीरवार को नीलोखेड़ी पहुंची। यहां लोगों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि यह यात्रा गोहाना से चंडीगढ़ में खत्म होगी। पद यात्रा में शामिल लोग चंडीगढ़ पहुंचकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री से अपनी मांगों के समर्थन में बात करेंगे। नरसिंह गोहाना और शमशेर सिंह ने बताया कि एक देश एक चुनाव देश के हित में है। चुनाव पर बार-बार ध्यान देने के बजाए सरकार विकास कार्यों और देश हित पर ध्यान दे तो खर्च कम होगा।
प्रशासन और सुरक्षा बलों पर बोझ कम पड़ेगा। 1952, 1957, 1962 और 1967 के अंदर पहले भी लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हो चुके हैं। इससे न तो अध्यापकों पर प्रभाव पड़ेगा, न ही बच्चों की पढ़ाई बाधित होगी। पद-यात्रा का नेतृत्व हिंदू राष्ट्र महासभा हरियाणा के अध्यक्ष नरसिंह गोहाना कर रहे हैं। संयोजक शमशेर सिंह, सह संयोजक कालू पंडित हैं। जबकि यात्रा में महासभा के अंकित सरग्थल, विक्रम सर्वाहा, राहुल, बिजेंद्र, गौरव और रवि शामिल थे।