संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण गेट स्थित कार्यालय में जिला रिटायर्ड कर्मचारी संघ की जिला इकाई की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वित्त विधेयक 2025 को रद्द करना, 65 वर्ष की आयु में 10 और 75 वर्ष की आयु में 20 प्रतिशत मूल पेंशन में वृद्धि करना, पुरानी पेंशन नीति बहाल करना सहित विभिन्न मांगों को लेकर 15 जुलाई को आंदोलन करने के लिए निर्णय लिया गया।
संघ सचिव ओमप्रकाश सिंहमार ने बताया कि जब तक यह सुविधाएं लागू नहीं की जातीं, तब तक तीन हजार रुपये मासिक मेडिकल भत्ता दिए जाने की मांग भी संघ कर रहा है।
इस सिलसिले में नौ जुलाई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल में रिटायर्ड कर्मचारी सक्रिय भागीदारी करेंगे। प्रेस प्रवक्ता धीरज सिंह रावत और साहब सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से पारित विधेयक पेंशनभोगियों को अंदर तक झकझोरने वाला है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस विधेयक को वापस लेने की मांग को लेकर 15 जुलाई को प्रदेश भर के जिला उपायुक्त कार्यालयों पर प्रदर्शन किए जाएंगे और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
बैठक में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में छात्रों पर प्रशासन द्वारा किए गए कथित हमले की भी कड़े शब्दों में निंदा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान बलराज सिंह ने की। इस अवसर पर कर्मबीर शर्मा, सुरेंद्र रावत, रोशनलाल गुप्ता, महेंद्र मान, ईश्वर हथलाना, योगेंद्र शर्मा, कर्मबीर दूहन, राम मेहर उपस्थित रहे।