संवाद न्यूज एजेंसी
नीलोखेड़ी। विधानसभा क्षेत्र नीलोखेड़ी में 230 मतदान केंद्र हैं लेकिन अब भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर क्षेत्र के मतदान केंद्रों का विशेष पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत जिस बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, वहां नया मतदान केंद्र बनाया जाएगा। यहां 1200 से अधिक मतदाताओं वाले 47 मतदान केंद्र हैं।
नीलोखेड़ी-19 विधानसभा क्षेत्र में नए मतदान केंद्रों के पुनर्गठन को लेकर शुक्रवार को उपमंडल अधिकारी अशोक कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा अंतिम मतदाता सूची-2025 प्रकाशित होने के बाद 37 नए मतदान केंद्र और दस को मतदाता सूचियों में समायोजन किया जाना है। मतदाता सूचियों के अवलोकन के बाद पूरे परिवार की वोट एक ही मतदाता सूची में अंकित की जानी है।
अगर किसी राजनीतिक पार्टी के यह संज्ञान में आया हो कि परिवार की वोट अलग-अलग मतदाता सूची में दर्ज हैं तो वे संबंधित क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर इसे ठीक करा सकते हैं। उपमंडल अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की त्रुटियों को ठीक करवाने और नए मतदान केंद्रों के अवलोकन के लिए शिकायत, सुझाव लिखित या मौखिक तौर से बताने का भी अनुरोध किया। इस मौके पर बहुजन समाज पार्टी से शीश पाल, सोहन वीर और इंडियन नेशनल लोकदल से कवर सिंह बुटाना मौजूद रहे।