स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स की श्रृंखला में एक प्रोजेक्ट न्यूअली डवलपिंग कल्चरल कॉरिडोर यानी नए विकासशील सांस्कृतिक गलियारे में वॉकिंग स्ट्रीट का भी है। पिछले दिनों लघु सचिवालय सभागार में उपायुक्त एवं करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड (केएससीएल) के सीईओ निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में, स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट की ओर से इसकी प्रपोजल सब्मिट की गई थी, जल्द विभागीय अनुमोदन के बाद इस पर काम शुरू होगा।
जानिए... क्या है वॉकिंग स्ट्रीट
सीईओ निशांत कुमार यादव ने बताया कि महाराजा अग्रसेन चौक से बलड़ी बाईपास तक फैली छद्द मार्गीय सड़क के पैदल पथ को डिजाइन के अनुसार लेवल से मरम्मत कर सजावटी टाईलें व कर्ब स्टोन लगाए जाएंगे। इस पर मानक ढलानों और रेलिंग के साथ दिव्यांगों के लिए मैत्रीपूर्ण व सुलभ रैम्प बनाया जाएगा। डिजाइन के अनुसार पैदल पथ के किनारे पर बचाव रोक यानि हैजिंग लाइन से भू-सज्जा की जाएगी। एनडीआरआई के मुख्य गेट से आगे एक और एंट्री गेट के दोनों ओर सड़क किनारे 3-डी डिजाइन से मूर्ति कला विकसित की जाएगी और रोशनी के लिए 4 मीटर ऊंचे पोल पर एलईडी लाईटें लगेंगी।
इस सड़क की 3 लोकेशन व नियमित अंतराल पर टेबल टॉक क्रॉसिंग बनाई जाएंगी, ताकि सड़क पार करने के लिए व्यक्ति एक साइड से दूसरी साइड पर जा सके। पर्याप्त मात्रा में नो पार्किंग व टो अवे जोन को लेकर सावधानी और अनिवार्य ट्रैफिक चिन्ह दर्शाए जाएंगे। पैदल पथ के साथ दोनों ओर थर्मोप्लास्ट पेंट के साथ साइकिल ट्रैक बनाए जाएंगे, जिस पर केवल आपातकाल को छोड़कर, वाहनो का प्रवेश वर्जित होगा। वॉकिंग स्ट्रीट पर दोनों ओर करीब 20 मीटर लंबी एक दीवार बनाकर उस पर सुंदर पेंटिंग बनाई जाएगी, पेंटिंग का विकल्प एक पत्थर भी हो सकता है, जिस पर सांस्कृतिक मूर्ति को उत्कीर्ण किया जाएगा, फुटपाथ पर चलने वाले इनको निहार सकेंगे। सीईओ ने बताया कि अग्रसेन चौक से बलड़ी बाईपास लिबर्टी चौक तक कल्चरल कॉरिडोर 1.8 किलोमीटर लम्बा होगा और यह नगर निगम की जगह पर बनाया जाएगा।
सुबह-शाम को वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी
सीईओ ने बताया कि वॉकिंग स्ट्रीट पर प्रात: 5 से 8 बजे और शाम 6 से 8 बजे तक वाहनों के लिए आवाजाही बंद रहेगी। स्ट्रीट पर ई-टॉयलेट रखे जाएंगे। सड़क किनारे खाली जगह पर उगी जंगली घास व खरपतवार की सफाई की जाएगी। वॉकिंग स्ट्रीट का प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद उस पर कुछ म्यूजिकल प्वाईंट बनाए जाने भी प्रस्तावित हैं। वॉकिंग स्ट्रीट से शहर विशेषकर इस रोड की सुंदरता में इजाफा होगा।