संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। जींद रोड से बंदराला गांव तक बनने वाली सड़क में ठेकेदार की ओर से घटिया सामग्री इस्तेमाल करने पर ग्रामीणों ने रोष जताया। ग्रामीणों ने ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप लगाया। किसान नेता जगबीर संधू ने कहा कि बंदराला गांव की तरफ जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। जिस पर पहले तो कई महीनों तक ठेकेदार द्वारा रोड़ी डालकर भूल गया। बार-बार अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ। लेकिन अब चहल कंस्ट्रक्शन कंपनी ने सड़क बनानी शुरू की, लेकिन सड़क निर्माण में कंपनी द्वारा बेहद घटिया स्तर की सामग्री का इस्तेमाल किया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा मिट्टी डालकर सड़क बनानी शुरू कर दी। जो बनने के कुछ दिन बाद ही उखड़नी शुरू हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहा है। अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं। ऐसे में जनता के पैसे की सरेआम बर्बादी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तारकोल का मजह दिखावा किया जा रहा है। बजरिया उखड़ चुकी हैं। इससे बल्कि हादसे होने का भय बना रहता है। अगर इस तरह का निर्माण कंपनी ने किया तो पूरा गांव प्रदर्शन करेगा।