.टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता में शॉट खेलता दिल्ली पुलिस टीम का खिलाड़ी। संवाद
करनाल। द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस नॉर्थ जोन टी-20 किकेट प्रतियोगिता के पांचवें दिन मंगलवार को तीन मैच खेले गए। पहला मुकाबला चंडीगढ़ पुलिस और उत्तराखंड पुलिस की टीम के बीच हुआ। चंडीगढ़ पुलिस ने प्रतियोगिता का अब तक का सबसे कम स्कोर बनाया। टीम 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर मात्र 84 रन ही बना पाई। उत्तराखंड पुलिस की टीम ने 6.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 90 रन बनाकर मैच जीत लिया। मेजबान हरियाणा पुलिस की टीम अपना तीसरा मुकाबला भी हार गई।
उत्तराखंड पुलिस टीम के बल्लेबाज डी शर्मा ने 17 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गए। आरपीएफ और हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीम के बीच मुकाबला रोमांचक रहा। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए। आरपीएफ की टीम ने 18.2 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। आरपीएफ के ऑलराउंडर खिलाड़ी मनजीत सैनी ने चार ओवर में 22 रन देकर दो विकेट और 25 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली। इस प्रदर्शन के कारण उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दिल्ली पुलिस ने हराया मेजबान को
तीसरा मैच दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस की टीम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली पुलिस की टीम ने 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। हरियाणा पुलिस लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.3 ओवर में 139 रन पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली पुलिस के बल्लेबाज मनीष ढिल्लों ने 34 गेंदों पर 46 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच चुने गए।
सेक्टर-9 में खेले गए मैच में दर्शकों ने हरियाणा टीम का जोरदार समर्थन किया। हरियाणा टीम के गेंदबाज विकेट झटकते तो देर तक तालियां बजती रहतीं। दर्शक लगातार हरियाणा टीम के खिलाड़ियों से बातचीत कर रहे थे। बाउंड्री के पास के खिलाड़ियों को गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के बारे में सुझाव भी दे रहे थे।
.टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता में शॉट खेलता दिल्ली पुलिस टीम का खिलाड़ी। संवाद