अब मास मीडिया के छात्रों को यूजीसी नेट और प्रतियोगिता परीक्षा पास करने के लिए किताबों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा, क्योंकि अब वह स्मॉर्ट फोन के जरिए भी इस परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं। यह संभव हुआ है कि कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के तीन छात्रों के कारण।
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के जनसंचार एवं मीडिया प्रोद्योगिकी संस्थान के तीन पूर्व छात्रों ने एक ऐसा एंड्रॉयड एप्लीकेशन बनाया है, जिसकी मदद से यूजीसी नेट परीक्षा की तैयारी फोन पर भी की जा सकेगी। छात्रों द्वारा तैयार किए गए इस एप्लीकेशन की सबसे खास बात इसके एक हजार ऑब्जेक्टिव सवाल हैं, जोकि गूगल प्ले स्टोर पर बिल्कुल निशुल्क उपलब्ध होंगे। ये ऐप तीनों छात्रों ने तीन महीने में तैयार किया है।
एप्लीकेशन का नाम ‘मास कॉम क्विज’ रखा गया है। इसे बनाने वाले तीनों छात्र मनोज कौशिक, अजय कुमार और रमेश कुमार केयू जनसंचार विभाग के पूर्व छात्र रह चुके हैं।
एप्लीकेशन के बारे में मनोज कौशिक ने बताया कि यह अपनी तरह का देश का पहला ऐसा एप्लीकेशन है जो मास कम्युनिकेशन यूजीसी नेट की तैयारी के लिए एक हजार सवाल उपलब्ध करवा रहा है।
ये सवाल आसानी से गूगल प्ले स्टोर से निशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि हमने इस एप्लीकेशन को निशुल्क इसलिए रखा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्र लाभान्वित हो सके। इस समय देश में इस तरह का कोई एप्लीकेशन उपलब्ध नहीं है।
यह अपनी तरह का पहला प्रयास है। छात्र अजय कुमार का कहना है कि एप्लीकेशन को बनाने से पहले उन्हें यूजीसी नेट की तैयारी करते हुए इसकी जरूरत महसूस हुई, जिसकी वजह से इस विषय पर हमने निरंतर काम किया।
उन्होंने बताया कि इसमें डाले गए सवाल अलग-अलग विषयों को पढ़कर तैयार किए गए हैं और कोशिश की गई है कि नेट की परीक्षा में आने वाले सवालों का पेट्रन फॉलो किया जाए।
एप्लीकेशन के इस्तेमाल के बारे में रमेश कुमार ने बताया कि इसे कोई भी यूजर आसानी से डाउनलोड कर सकता है। इसे एकदम यूजर फ्रेंडली बनाया गया है। उन्होंने बताया गया है कि सवालों को अलग-अलग 50 चैप्टर में बांटा गया है और प्रत्येक चैप्टर में 20 सवाल रखे गए हैं। जिनके चार विकल्प दिए गए हैं।
एप्लीकेशन को तैयार करने में केयू जनसंचार एवं मीडिया प्रोद्योगिकी संस्थान और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अशोक शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जल्द आएगा अपडेटेड वर्जन
एप्लीकेशन बनाने वाले तीनों छात्रों ने बताया कि इस एप्लीकेशन का अपडेटेड वर्जन भी जल्द लांच किया जाएगा, जिसमें सवालों की संख्या के साथ-साथ और भी नई जानकारियां जोड़ी जाएंगी। नए वर्जन में कोशिश की जाएगी कि अन्य विषयों में भी इस एप्स को उपलब्ध करवाया जाए।