करनाल-पानीपत रेलवे ट्रैक पर वीरवार शाम मालवा ट्रेन से कटकर एक युवक व किशोरी की मौत हो गई। दोनों में से किसी की भी शिनाख्त देर रात तक नहीं हो सकी है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भिजवा दिए गए हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कश्मीरचंद ने बताया कि शाम करीब छह बजे कटरा से आंबेडकर नगर जाने वाली मालवा ट्रेन करनाल से गुजरी तो सूचना मिली कि ट्रेन एक युवक और किशोरी कट गए हैं। सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची तो पहले तो एक युवक का शव पड़ा था, उससे कुछ दूरी पर एक किशोरी भी कट गई थी, जिसकी उम्र करीब 15-16 साल होगी। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे लेकिन कोई उन्हें पहचान नहीं सका। लेकिन वास्तविक बात तो शिनाख्त होने के बाद ही पता चल सकेगी। फिलहाल दोनों के शव कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भेज दिए हैं।