कलायत में आगजनी का शिकार हुए दो सब्जी विक्रेताओं के वाहन। संवाद
कलायत। बुधवार देर रात अज्ञात लोगों ने महिला कॉलेज के सामने खड़े सब्जी से भरे दो छोटा हाथी वाहनों को आग लगा दी। आग में दोनों वाहन और उनमें रखे फल व सब्जियां जलकर राख हो गए।
सुबह करीब तीन बजे आग लगने की सूचना मिलने पर गांव खेड़ी लांबा निवासी वाहन मालिक देशराज और राम मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। देशराज ने बताया कि उसके वाहन में करीब 50 हजार रुपये के फल और सब्जियां रखी थीं। राम ने बताया कि उसके वाहन में भी करीब 55 हजार रुपये के फल और सब्जियां थीं। दोनों ने आशंका जताई कि किसी ने जानबूझकर वाहनों में आग लगाई है।
दोनों पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत देकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने और आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है। थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। संवाद
कलायत में आगजनी का शिकार हुए दो सब्जी विक्रेताओं के वाहन। संवाद
कलायत में आगजनी का शिकार हुए दो सब्जी विक्रेताओं के वाहन। संवाद