कैथल। किसान क्रेडिट कार्ड पर लिया गया फसल ऋण नहीं चुकाने पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से दायर केस में अदालत ने बैंक के पक्ष में फैसला सुनाया है। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) डॉ. अमन इंदर सिंह की अदालत ने चंदाना गांव निवासी बिमला देवी को डेढ़ लाख रुपये और ब्याज चुकाने के आदेश दिए हैं।
महिला को तीन महीने में राशि जमा करवानी होगी। ऐसा नहीं करने पर बैंक गिरवी रखी जमीन बेचकर कर्ज की वसूली कर सकेगा। बैंक के अनुसार, बिमला देवी ने 30 जून, 2016 को किसान क्रेडिट कार्ड से डेढ़ लाख रुपये का फसल ऋण लिया था। इसके बदले उसने गांव में अपनी सात कनाल सात मरले जमीन बैंक के पास गिरवी रखी थी।
15 जुलाई 2016 को ऋण से जुड़े दस्तावेज पूरे करवाए गए थे। महिला ने तय समय पर किस्तें जमा नहीं करवाईं। बैंक की ओर से कई बार भुगतान के लिए कहा गया और कानूनी नोटिस भी भेजा गया, लेकिन राशि जमा नहीं हुई। इसके बाद बैंक ने 29 अप्रैल 2025 को अदालत में 2,17,960 रुपये की वसूली के लिए केस दायर किया।