करनाल। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर सेक्टर-6 चौक के पास बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। दो कारों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक कार हाईवे के बीचों-बीच पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह चकनाचूर हो गए। गनीमत रही कि एयरबैग्स समय पर खुलने से चालक सुरक्षित बच गए।
किया कंपनी की कार सेक्टर-12 की ओर से सेक्टर-6 की तरफ आ रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार ने उसे साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किया कार अनियंत्रित होकर घूमी और पलटकर सड़क के बीच में अटक गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
किया कार चला रहे युवक ने बताया कि वह चंडीगढ़ की दिशा से अपनी दुकान की ओर जा रहा था, तभी दूसरी गाड़ी अचानक सामने आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि संभलने का मौका नहीं मिला। उसे कंधे और हाथ में हल्की चोटें आई हैं। दूसरी कार का भी अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रेडिएटर फटने से हाईवे पर कूलेंट फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हाइड्रा क्रेन की मदद से पलटी कार को सीधा कर सड़क किनारे हटाया गया। ट्रैफिक थाना प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि पुलिस रेड लाइट जंप या ओवरस्पीडिंग की आशंका के तहत जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। संवाद