लगातार दूसरे दिन करनाल के लिए राहत की खबर आई है। चार और कोरोना पाजिटिव लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है। इनमें नांदेड़ साहेब से आए गांव पखाना निवासी दंपती और नांदेड़ साहिब से ही आए रामनगर निवासी गाड़ी चालक समेत उत्तम नगर का युवक शामिल है। आदेश अस्पताल में दाखिल तीन को छुट्टी दे दी गई है, जबकि रामनगर निवासी गाड़ी चालक को कल्पना चावला मेडिकल कालेज में निगरानी में रखा हुआ है। बता दें कि अब कोरोना से जंग जीतने वालों की संख्या दस हो गई है, जबकि अब केवल छह कोरोना के एक्टिव केस रह गए हैं। इनके भी स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।
बता दें कि जिले में कोरोना से एक किसान की मौत हो चुकी है और जिले में कुल पाजिटिव केस 17 सामने आ चुके हैं। अच्छी बात ये है कि अब मरीजों के ठीक होने की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले पांच मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। शुक्रवार को पृथ्वी विहार निवासी सब्जी विक्रेता भी ठीक होकर घर आ चुका है। अब पखाना निवासी दंपती दिलेर सिंह और उनकी पत्नी रमनजीत ने कोरोना को मात दी है। साथ उत्तम नगर निवासी युवक शिवम की सैंपल रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद आदेश मेडिकल कालेज से छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा, पखाना के परिवार के तीन अन्य सदस्यों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है, इसलिए उनका इलाज जारी है।
3546 में से 3451 के सैंपल नेगेटिव, 78 की आज आएगी रिपोर्ट
सिविल सर्जन की रिपोर्ट के अनुसार जिले में कोरोना वायरस से संदिग्ध कुल 3546 व्यक्तियों के सैम्पल लिए गए। इनमें से 3451 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है तथा 78 की रिपोर्ट आना शेष है। अच्छी बात ये है कि पिछले कई दिनों से एक भी पाजिटिव केस सामने नहीं आया है।