फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी के गेहूं किसानों के लिए आज खुलेगा ई-पोर्टल, कराना होगा पंजीकरण

विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी के गेहूं की खरीद की प्रतीक्षा रविवार को खत्म हो सकती है, क्योंकि लॉकडाउन 3.0 के साथ ही उत्तर प्रदेश की सीमा से गेहूं को हरियाणा की सीमा में लाने पर लगी रोक हटने का रास्ता साफ हो जाएगा। साथ ही मेरी फसल-मेरा ब्यौरा ई-पोर्टल पर किसानों का रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। अनाज मंडी के आढ़तियों ने भी अपने पुराने संबंध वाले किसानों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है, ताकि वह गेहूं लेकर उनकी आढ़तों पर आ सके।
विज्ञापन

ऐसे हजारों किसान हैं जो रहते तो करनाल जिले में हैं लेकिन उनकी जमीन उत्तर प्रदेश में है। लेकिन उनका गेहूं अभी तक बिक नहीं सका है, क्योंकि उनके पास आधार कार्ड हरियाणा का होने के कारण यूपी में भी रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका और हरियाणा में गेहूं को लाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। हरियाणा राज्य की अधिकांश मंडियों और पर्चेज सेंटरों पर गेहूं की खरीद का काम लगभग पूरा हो चुका है। हरियाणा राज्य में पिछले साल से पचास फीसदी कम खरीद हुई है, यही कारण है कि अब हरियाणा सरकार ने यूपी के गेहूं को खरीदने के लिए भी पोर्टल को शुरू कर दिया है। शुक्रवार को कुछ देर पोर्टल चला था लेकिन फिर बंद कर दिया गया था। अब पोर्टल 17 मई को खुलेगा। जिस पर किसानों को पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसमें यह शर्त नहीं है कि किसान हरियाणा का ही होना चाहिए, इस पर यूपी के किसान भी पंजीकरण करा सकते हैं। यदि वह अपना गेहूं हरियाणा राज्य की मंडियों में बेचना चाहते हैं। यही कारण है कि करनाल अनाज मंडी के भी आढ़तियों ने अपने पुराने संबंधों वाले किसानों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। आढ़ती उन्हें रजिस्ट्रेशन कराने को भी प्रेरित कर रहे हैं। अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान रजनीश चौधरी ने बताया कि ई-पोर्टल मेरी फसल-मेरा ब्यौरा 17 मई को खुल जाएगा। किसानों को इसी पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना है। इसके बाद इन किसानों को बुलाया जाएगा। वह अपना गेहूं अनाज मंडी व पर्चेज सेंटरों पर लाकर बेच सकेंगे।
डीएफएससी ने जारी किए 380 करोड़, भुगतान शुरू, आंदोलन स्थगित
करनाल। गेहूं खरीद एजेंसियों ने आढ़तियों के आंदोलन की धमकी के बाद भुगतान की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिससे अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन ने 18 मई से प्रस्तावित आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने अब तक 380 करोड़ रुपये भुगतान के लिए जारी कर दिए हैं, सोमवार तक 250 करोड़ रुपये और जारी कर दिए जाएंगे।
विज्ञापन

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अनिल कुमार ने बताया कि विभाग ने शनिवार तक 380 करोड़ रुपये गेहूं के भुगतान के लिए जारी कर दिए हैं। जिससे आढ़तियों व किसानों को भुगतान मिलना शुरू हो गया है। 250 करोड़ रुपये सोमवार तक और जारी कर दिए जाएंगे। जिससे अब भुगतान की समस्या नहीं रहेगी। इधर अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान रजनीश चौधरी ने बताया कि शनिवार से भुगतान आना शुरू हो गया है। जो जटिलताएं थी, उन्हें खरीद एजेंसियों ने दूर कर दिया है। इस कारण अब 18 मई से प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। शीघ्र ही उत्तर प्रदेश के किसानो का गेहूं भी आना शुरू हो जाएगा। जिसकी खरीद की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें