गांव जोहड़ माजरा में जमीन पर चहारदीवारी के निर्माण को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में वीरवार सुबह झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर ईंट और पत्थर बरसाए। इस कारण दोनों पक्षों के दर्जनों लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। फिलहाल दोनों में से किसी की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई थी।
जानकारी के अनुसार एक पक्ष के दयानंद और महिला महिन्द्रो देवी, सोना देवी और दर्शनी देवी का कहना है कि गांव में उनकी पुश्तैनी जमीन है। जिस पर कुछ ग्रामीण कब्जा करने की नीयत से सुबह के समय चहारदीवारी का निर्माण कर रहे थे। जब हमने उन्हें रोकने की कोशिश की तो हमारे ऊपर लाठी, डंडों, गंडासी और ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। जिसमें कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष के गुलाब सिंह, बिमला देवी, पूनम रानी, अनीता और रीना का कहना है कि सुबह के समय वे अपनी जमीन पर चहारदीवारी का निर्माण कर रहे थे। तभी कुछ लोगों ने उनपर लाठी, डंडों, गंडासी और ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। जिसमें हमारे कई लोग घायल हुए हैं।
माजरा में दो पक्षों के बीच में झगड़ा हुआ है। फिलहाल किसी भी पक्ष की तरफ से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-सतपाल सिंह, थाना प्रभारी, इंद्री