करनाल के गगसीना के पास शुक्रवार रात को दो बाइक की भिड़ंत में परिवार के इकलौते बेटे की जान चली गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और घायल को उपचार के लिए भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मिली जानकारी के अनुसार
खोराखेड़ी निवासी अंकित की शादी दो साल पहले हुई थी। अंकित शुक्रवार रात को अपने साले के साथ बाइक से स्टौंडी से अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह बाइक से गगसीना के पास पहुंचा तो सामने से दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। इस हादसे में अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मातम में बदली त्यौहार की खुशियां
दिवाली पर्व को लेकर परिवार में तमाम खुशियां थी, मगर जब इकलौते बेटे की मौत की सूचना परिवार को मिली तो खुशियां मातम में बदल गई। मृतक की गर्भवती पत्नी को रो-रो कर बुरा हाल था। किसी को अंदेशा नहीं था कि अनहोनी में इकलौते बेटे की जान चली जाएगी।