करनाल। करोड़ों रुपये के हवाला कांड में मंगलवार को दो आरोपियों ने एसपी अभिषेक गर्ग के समक्ष आत्मसमर्पण किया। एसपी कार्यालय से दोनों को थाना सदर में भेज दिया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी भी करनाल में डटे रहे।
एसपी ने दोनों आरोपियों के आत्मसमर्पण की पुष्टि की है। हवाला कांड में करनाल के दो आरोपी विमल कुमार और सतपाल जैन के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के निवास पर कई बार दबिश भी दी, लेकिन बचते रहे।
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन उन्हें मंगलवार को ही एसपी करनाल के समक्ष पेश होकर समर्पण करने के लिए कहा गया। आदेशों के मुताबिक दोनों ने सुबह एसपी कार्यालय में एसपी अभिषेक गर्ग के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार दोनों को करनाल की जेल में भेज दिया गया है। जेल भेजे जाने से पहले प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की।
बोलने से बचते रहे अधिकारी
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने ही कुछ नहीं बोला और वहीं, एसपी करनाल भी कुछ बताने से बचते रहे। इतना जरूर है कि यह एक हाईप्रोफाइल मामला है, जिसमें दोनों आरोपियों को भेजा गया है।