हरियाणा के लोक निर्माण एवं उद्योग मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार देर शाम अर्जुन नगर में बर्फानी सेवा मंडल द्वारा बनाए जाने वाली धर्मशाला, मंदिर और डिस्पेंसरी परिसर का निर्माण कार्य शुरू करवाया। उन्होंने निर्माण कार्य के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि वृद्ध केदार तीर्थ से सटे पुराने बस अड्डा स्थल पर न्यूयार्क के टाइम स्क्वेयर तथा किसी जमाने में इंडिया गेट के पास बने दिल्ली स्कवेयर की तर्ज पर सिटी स्क्वेयर का निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर बर्फानी सेवा मंडल के चेयरमैन सुरेंद्र गर्ग बिट्टू ने बताया कि धर्मशाला के दो मंजिला परिसर में शिव मंदिर और डिस्पेंसरी स्थापित होगी। कुछ भाग को खुला छोड़ दिया जाएगा ताकि उसमं सामाजिक, धार्मिक समारोह आयोजित किए जा सकें। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष रामनिवास मित्तल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिड्डा, पूर्व पार्षद कमल मित्तल, पूंडरी मंडल से रामचंद्र जडौला, डॉ. श्याम साहनी, बर्फानी सेवा मंडल के प्रधान रविप्रकाश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों में सत नारायण गोयल, साधु राम, घनश्याम मित्तल, संस्थापक प्रधान सुमन लाल मंगला, ऋषि पाल, अनिल मित्तल, विकास गुुगलानी, भीम सिंह फौजी, प्रेम जैन तथा बलबीर शर्मा मौजूद रहे।
धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार प्राथमिकता
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि उनका प्रयास रहा है कि वामन पुराण में विशेष महत्व रखने वाले कैथल नगर और इसमें स्थित नवग्रह कुंडों तथा धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की 48 कोस की परिधि में इस जिला में पड़ने वाले महाभारतकालीन तीर्थों का जीर्णोद्धार करके उन्हें मूल रूप में लोगों की आस्था के अनुकूल वापस लाया जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि आठ साल में इन धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार करने में सफल हुए हैं। सुरजेवाला ने कहा कि यह नगर यहां 11 रुद्र स्थापित होने के कारण छोटी काशी के रूप में भी अपनी पहचान रखता है। यहां 108 शिव मंदिर शिव भक्तों की आस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करते हैं।