करनाल। गांव स्टौंडी के समीप रविवार को ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों को कल्पना चावला मेडिकल कालेज में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जबकि थाना सदर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव स्टौंडी के समीप एक अज्ञात ट्रक ने ट्रेक्टर-ट्राली को पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें बाल राजपुतान निवासी 45 वर्षीय सुशील कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मुनक निवासी रणबीर, बल्ला निवासी प्रताप तथा बाल राजपुतान निवासी सुभाष और जनार्दन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से करनाल स्थित कल्पना चावला मेडिकल कालेज में उपचार दिलाया जा रहा है।
ट्राली सवार सभी व्यक्ति करनाल से पौधे लेने के लिए आ रहे थे। उधर, पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की से जांच की जा रही है।