माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/मधुबन। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 मधुबन थाना क्षेत्र में बसताड़ा टोल प्लाजा से पहले आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगने पर पीछे से दूसरा ट्रक भिड़ गया। सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे हुए इस हादसे में पीछे से टकराए ट्रक का कैबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ऐसे में बीच में फंसने से चालक पंजाब के तरनतारन निवासी गुरजंट सिंह की मौत हो गई। वह दिल्ली से अमृतसर के लिए सब्जी लोड करके चला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवाया। मंगलवार की दोपहर को परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा उन्हें सौंपा।
मृतक चालक के पिता जगदीश सिंह ने बताया कि ट्रक मालिक के कहने पर ही गुरजंट सिंह 20 अक्तूबर को दिल्ली से सब्जी लोड करके रवाना हुआ था। आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगने से यह हादसा हुआ है। हादसे में गुरजंट सिंह बुरी तरह फंस गए और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
उन्होंने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मधुबन थाना के जांच अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि हादसे के बाद गुरजंट सिंह को घरौंडा के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।