जीटी रोड स्थित निर्मल कुटिया के पास दिल्ली से लुधियाना जा रही एक कार को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे गाड़ी में सवार दिल्ली निवासी दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मश्कत के साथ घायल दंपति को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया। जहां से दिल्ली निवासी बलबीर को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।
जबकि उसकी पत्नी वीना देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक को काबू कर जांच शुरू कर दी है और शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। सेक्टर-9 चौकी इंचार्ज हरिकृष्ण ने बताया कि रोहिणी (दिल्ली) निवासी बलबीर सिंह व पत्नी वीना (63) कार में सवार होकर लुधियाना किसी काम से जा रहे थे। इस दौरान जैसे ही वह करनाल के निर्मल कुटिया फ्लाइओवर पर पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार की खिड़कियां काटकर घायल दंपति को कार से बाहर निकाला और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने वीना को मृत घोषित कर दिया। ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।