संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी लगातार देखने को मिल रहा है। शनिवार, रविवार और सोमवार को दिन में घने कोहरे के चलते दो से छह जनवरी तक सात ट्रेनें रद्द की गई हैं, जिसके चलते रेल यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लंबी दूरी पर चलने वाली दिल्ली एक्सप्रेस, पठानकोट एक्सप्रेस, शान ए पंजाब, होशियारपुर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें रद्द की गई हैं। ट्रेनों की समय सारणी बताने और ट्रेन की लोकेशन बताने वाली मोबाइल एप्लीकेशन तक धोखा देने लगी है। यात्री मोबाइल एप्लीकेशन में देख कर जैसे ही ट्रेनों का शेड्यूल बनाते हैं, देरी से चल रही ट्रेन उनका शेड्यूल बिगाड़ रही है। जिसकी वजह से रेल यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। सर्द मौसम में यात्रियों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। वहीं यात्रियों को जाने के लिए घंटों ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है।
घंटों करना पड़ता इंतजार
करनाल से पानीपत जाने के लिए स्टेशन पहुंचे मोंटू ने बताया कि सर्द मौसम में स्टेशन पर ट्रेन अपनी निर्धारित समय से 30 मिनट से लेकर एक घंटे तक की देरी में चल रही है। करनाल से दिल्ली की ओर जाने के मालवा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटा देरी से चल रही है। इस वजह से समय पर रेलवे स्टेशन पर आने के बावजूद घंटों इंतजार करना पड़ता है ।
मोबाइल एप्लीकेशन तक देने लगा धोखा
यात्री पंकज ने कहा कि पंजाब की ओर जाने वाली अमृतसर इंटरसिटी पहले मोबाइल एप्लीकेशन पर देरी से दिखा रहा था, लेकिन थोड़ी देर बाद उसको रद्द दिखा दिया। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी की रेलगाड़ियों के आने-जाने में समय को लेकर काफी दिक्कत देखने को मिल रही है। इस वजह से लोगों को स्टेशन पर घंटों रेल की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
पैसेंजर ट्रेन की होनी चाहिए व्यवस्था
यात्री सुनील कुमार ने कहा कि उनको किसी जरूरी काम से दिल्ली जाना था, लेकिन रेलवे स्टेशन आकर पता चलता है कि दिल्ली के लिए जाने वाली ट्रेन एक घंटा देरी से चल रही है। ऐसे में दूसरे साधन भी मिलना मुश्किल हो रहा है। इसलिए रेलवे प्रशासन को चाहिए कि दैनिक यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए पैसेंजर ट्रेन की व्यवस्था की जाए, जिससे यात्रियों को लंबे समय तक स्टेशन पर न रुकना पड़े।
ये ट्रेनें हैं रद्द
22430 दिल्ली एक्सप्रेस
22429 पठानकोट एक्सप्रेस
12497 शान ए पंजाब
12460 दिल्ली इंटरसिटी
12459 अमृतसर इंटरसिटी
11905 होशियारपुर एक्सप्रेस
11906 आगरा कैंट एक्सप्रेस