तरावड़ी। शहर के व्यस्त क्षेत्रों में शामिल जीटी रोड टी-पॉइंट और लिंक रोड चौक पर लगी ट्रैफिक सिग्नल लाइटें पिछले कई वर्षों से बंद पड़ी हुई है। नगर पालिका की ओर से लाखों रुपये से लगाए गए ये सिग्नल कुछ समय तक ही टीक पाए। अब यहां चालक मनमर्जी से वाहन दौड़ाते हैं, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
लोगों का कहना है कि इन चौकों पर दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। खासकर इन दिनों गेहूं सीजन के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों की संख्या और बढ़ गई है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई है। सिग्नल बंद होने के कारण वाहन चालकों को दिशा-निर्देश नहीं मिल पाते, जिससे वे तेजी से वाहन निकालते हैं। ऐसे में पैदल गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है।
पहले भी इन स्थानों पर कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कुछ लोगों की जान तक जा चुकी है। बावजूद इसके न तो ट्रैफिक सिग्नल ठीक किए और न ही यहां पर यातायात पुलिस की तैनाती की गई। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन ट्रैफिक लाइटों को दुरुस्त कर पुन: चालू किया जाए। साथ ही, जब तक सिग्नल सही नहीं होते, तब तक चौक पर यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए। नगर पालिका सचिव अजीत कुमार ने कहा कि इनकी रिपेयरिंग का टेंडर लगवाकर जल्द चालू करवाया जाएगा।