कैथ्ाल के कस्बे राजौंद के गांव किठाना के पास दिनदहाड़े लुटेरों ने एक भैंस व्यापारी की हत्या कर 40 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई पटवारी ने बताया कि शनिवार को दोपहर 1 बजे के करीब 16 वर्षीय अनीष कैराना यूपी निवासी कमालपुर की तरफ से अपने भैंस और कटड़े लेकर किठाना की तरफ आ रहा था। वह भी उसके पीछे कुछ दूरी पर दूसरे पशुओं को लेकर आ रहा था। इसी बीच किठाना से दो तीन किलोमीटर दूर कमालपुर लिंक रोड पर पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया।
युवकों ने उससे पैसे छीनने का प्रयास किया, लेकिन जब उसने इसका विरोध किया तो उन्हाेंने उसे गोली मार दी। गोली व्यापारी के गर्दन में जा लगी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हमलावर युवक उसके पास से करीब 40 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए।
बाद में सूचना मिलते ही राजौंद थाना प्रभारी अशोक कुमार व किठाना चौकी इंचार्ज राजपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद डीएसपी सुरेंद्र भौरिया ने भी घटनास्थल का मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया।
थाना राजौंद प्रभारी अशोक कुमार गोयत ने बताया कि ये करीब 10 से 12 व्यापारी एक साथ आते हैं। शुक्रवार रात को वे मटौर में रुके थे। वे सुबह मटौर से अलग-अलग गांवों से खरीदे गए पशुओं को लाने के लिए चले गए। जिसमें मृतक अनीष और शिकायतकर्ता गांव कमालपुर की ओर से पशु लेकर आ रहे थे।
इसी बीच तीन युवकों ने रोक कर गोली मार कर हत्या कर दी है और रुपये लूटकर ले गए। पुलिस ने हत्या, लूटपाट एवं शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।