करनाल। उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए करनाल में 17 से 21 अप्रैल तक भव्य व्यापार मेला आयोजित किया जाएगा। अतिरिक्त जिला उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने ने शुक्रवार को जिला व्यापार मेले की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक की और उनकी ड्यूटी लगाई।
अतिरिक्त उपायुक्त कहा कि ये मेला करनाल के सेक्टर-12 स्थित हुडा ग्राउंड में लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में छोटे उद्योगों के स्टॉल, सहकारी संस्थाओं के स्टॉल, स्वयं सहायता समूह के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा व्यापारियों से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें बिजनेस व स्टार्टअप से जुड़े विषयों पर परिचर्चा आयोजित की जाएंगी ताकि युवा पीढ़ी उनके अनुभवों से सीख लेकर बिजनेस के क्षेत्र में आगे बढ़ सके। व्यापार मेले में मनोरंजन के लिए एंटरटेनमेंट सेक्शन भी बनाया जाएगा। इसमें अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन होगा। इसके अतिरिक्त खाने से जुड़े अलग-अलग व्यंजनों से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे। मेले का समय सुबह 9 बजे से रात के 9 बजे तक का रखा जाएगा। उन्होंने बिजली विभाग को मेले में बिजली व्यवस्था सुचारू रखने के लिए निर्देश दिए। पानी और टॉयलेट आदि की व्यवस्था के लिए पब्लिक हेल्थ विभाग की जिम्मेदारी सुनिश्चित की गई। इस मौके पर करनाल एसडीएम अनुभव मेहता, सीटीएम अमन कुमार, डीडीपीओ राजबीर खुंडिया, डीईओ राजपाल चौधरी, एमएसएमई की संयुक्त निदेशक सुनीता कत्याल व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।