संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे 44 के घरौंडा फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार टूरिस्ट बस ने दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बस करीब 100 फीट तक बाइक घसीट कर ले गई। बाइक सवार दोनों युवकों के शव बस के नीचे ही फंस गए। बाइक के दो टुकड़े हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। घरौंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को हटाकर हाईवे पर सुचारू कराया। बस चालक फरार हो गया है। बस यात्री मध्यरात्रि के बाद भी बस के अंदर ही बैठने को विवश थे। मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है।
टूरिस्ट बस दिल्ली से जम्मू जा रही थी, जिसकी रफ्तार तेज थी। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग दुर्घटना स्थल पर एकत्रित हो गए और हाईवे पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस को दुर्घटना स्थल से एक आधार कार्ड और दो मोबाइल बरामद हुए हैं। जिनके आधार पर पुलिस का अनुमान है कि मृतक दिल्ली के निवासी हो सकते हैं। अभी सही पहचान नहीं हो सकी है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
जम्मू जा रही है टूरिस्ट बस ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई है। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। आरोपी चालक व परिचालक फरार हैं।
- बहादुर सिंह पुलिस जांच अधिकारी
टूरिस्ट बस के यात्री देर रात तक फंसे रहे
दुर्घटना के बाद टूरिस्ट बस चालक, परिचालक भाग निकले, लेकिन उसके अंदर बैठे चालीस से अधिक यात्री देर रात तक बस में ही फंसे रहे। जम्मू जा रहे डॉ. उमंग सेठ व रैयान ने बताया कि वे अपने घरों से भी काफी दूर आ गए हैं। चालक-परिचालक भाग गए हैं। टूरिस्ट बस की कंपनी को भी लगातार फोन कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को आगे ले जाने की व्यवस्था की जा सके, लेकिन टूरिस्ट बस कंपनी के कर्मचारी फोन नहीं उठा रहे हैं।