माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। अदालत परिसर में आने वाले दिव्यांगजन, महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के लिए अब स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से लगभग 13 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक शौचालय का निर्माण कार्य कराया जाएगा। यह सुविधा-संपन्न शौचालय परिसर में आने वाले उन लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
शौचालय परिसर की सबसे विशेष बात यह है कि इसमें महिलाओं के लिए एक अलग रेस्ट रूम बनाया जाएगा, जहां वे अपने छोटे बच्चों को स्तनपान करा सकेंगी। न्यायालय परिसर में लंबी कार्यवाही के दौरान महिला, वादियों और अन्य महिलाओं को अक्सर असुविधा का सामना करना पड़ता था।
शौचालय में दिव्यांग व्यक्तियों के लिए विशेष रैंप, चौड़े दरवाजे, व्हीलचेयर फ्रेंडली डिजाइन रखा जाएगा, ताकि वे बिना किसी सहायता के सुविधाओं का उपयोग कर सकें। कोर्ट में आने वाले कई दिव्यांगजन वर्षों से इस सुविधा की मांग कर रहे थे। कोर्ट परिसर में पहली बार ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए भी अलग से शौचालय व्यवस्था की जा रही है। विभाग का कहना है कि यह कदम सभी नागरिकों को समान गरिमा और सुविधा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
-निर्माण का कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। निर्धारित अवधि में इसे पूरा करने का लक्ष्य है। शौचालय में साफ-सफाई की आधुनिक व्यवस्था, सुरक्षित पानी की सुविधा, वेंटिलेशन और नियमित मेंटेनेंस का भी ध्यान रखा जाएगा। - राजकुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी