पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे पांच वारदातों का खुलासा हुआ है। एएसआई भगवान थाना मूनक की टीम ने आरोपी रवि वासी मूनक को गांव से ही गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बैटरी व अन्य सामान चोरी की तीन वारदातों को थाना मूनक एरिया से अंजाम देने की बात का खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि उसने 28-29 जून की रात को विजय कुमार वासी मूनक के ट्रक की दो बैटरी चोरी की थी। 7 अप्रैल को गांव के आंगनबाड़ी केंद्र से सोलर बैटरी व अन्य सामान चोरी किया और 12 फरवरी को राजकीय प्राथमिक पाठशाला से सोलर बैटरी व पंखे चोरी किए। ट्रक की दोनों बैटरी बरामद हुई हैं।
दूसरे मामले में सीआईए असंध की टीम ने आरोपी संदीप वासी गांव ठरी को गांव के बस अड्डा से गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर गांव के राशन डिपो से 7 मई की रात को 19 बोरी गेहूं चोरी (कुल 9.5 क्विंटल) की थी। मामले में 31 मई को दो और आरोपी सुरेश कुमार व विक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। 8 बोरी गेहूं बरामद हुआ।
तीसरे मामले में डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने आरोपी बलिंद्र वासी गांव करोडा, कैथल को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया। आरोपी द्वारा अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 27 जनवरी को गांव बनौला के बीएसएनएल टावर की बैटरी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के दूसरे फरार साथी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
संदिग्ध परिस्थितियों में महिला हुई घर से लापता
इंद्री। वार्ड 4 की एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई है। पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार वार्ड 4 निवासी गोविंदा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह गढ़ी लबकरी किसी पंचायत में गया था। घर आकर देखा तो उसकी 23 वर्षीय पत्नी निशा उसके बच्चे को लेकर घर से गायब थी। जिसकी उसने कई जगह तलाश की परंतु नहीं मिली। पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। -संवाद