बुटानखेड़ी स्कूल में ताला लगने के मामले में खंड शिक्षा अधिकारी ने दो शिक्षकों को भेजने की बात कही है और एक शिक्षक को सोमवार व अगले दिन दूसरे शिक्षिका को भेज दिया है। लापरवाही बरतने वाली स्कूल इंचार्ज और आदेशों को धता दिखाने वाले एक अन्य शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह जानकारी कार्यकारी खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र सचदेवा ने दी। उन्होंने कहा कि धूमसी के स्कूल से संस्कृत शिक्षक को बुटानखेड़ी में अस्थायी तौर पर भेज दिया है और अन्य एक दूसरे शिक्षक को भी स्कूल में भेजा गया है, वहीं एक अन्य शिक्षक के बुटानखेड़ी के ऑर्डर कई दिन से कर रखे हैं, लेकिन वह शिक्षक अनुपस्थित चल रहा है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह अनुपस्थित रहने वाली स्कूल इंचार्ज के बारे में डीईईओ को अवगत करवा दिया गया है।
गौरतलब है कि शिक्षकों की कमी के चलते बुटानखेड़ी के ग्रामीणों ने सोमवार को स्कूल गेट पर ताला जड़ दिया था और अभिभावक बच्चों को लेकर स्कूल गेट के सामने धरने पर बैठ गए थे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री व शिक्षामंत्री के खिलाफ नारेबाजी की थी। मौके पर पहुंचे कार्यकारी खंड शिक्षा अधिकारी रविंदर सचदेवा ने ग्रामीणों को तुरंत अस्थायी तौर पर शिक्षकों का प्रबंध किए जाने की बात कही थी और उसी आश्वासन पर ग्रामीणों ने गेट से ताला खोला था। उस मामले में बीईओ ने स्कूल इंचार्ज व एक अन्य शिक्षक के ऑर्डर किए जाने के कई दिन बाद भी स्कूल से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही थी।