मौके पर जांच और पीड़ित साहब सिंह से पूछताछ करते डीएसपी राजीव कुमार।
- रात साढ़े आठ बजे पिस्तौल के बल पर की वारदात, पुलिस ने जांच की तो 11 बजे पीड़ित फाइनेंसर के बैग से ही निकली रकम
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। एनडीआरआई के नजदीक मंगलवार की शाम साढ़े आठ बजे फाइनेंसर से पांच लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। जब पुलिस ने जांच की तो रात 11 बजे पता चला कि आरोपी रुपयों के बजाय खाली लंच बॉक्स लूट कर ले गए हैं।
बाइक पर सवार होकर अपने साथी के साथ फाइनेंसर अनाज मंडी से बलड़ी गांव की ओर जा रहे थे। ब्लडी बाईपास के नजदीक आरोपियों ने बाइक पर पीछे बैठे फाइनेंसर के साथी के सिर में भी वार किया, जिससे वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद अब आरोपियों ने पिस्तौल दिखाते हुए फाइनेंसर से बैग लूटा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना सिविल लाइन की टीम फाइनेंसर साहब सिंह को अपने साथ ले गई। जबकि उसके घायल साथी जयपाल को नागरिक अस्पताल भेजा गया।
जांच में सामने आया कि साहब सिंह ने रकम लंच बॉक्स के बैग में रखी थी और बॉक्स के स्टील के बर्तन बाहर थैले में थे। जिस समय आरोपियों ने उनके पीछे से वार किया तो वे गिर गए थे। इस दौरान उनके बैग से एक थैला आरोपी ले गए। इसमें बर्तन थे, जबकि लंच बॉक्स में रुपये सुरक्षित थे। वारदात के बाद पुलिस टीमें सक्रिय हो गई थीं। डीएसपी राजीव कुमार ने भी मौके का मुआयना किया था। साहब सिंह ने बताया कि वे अपने साथी जयपाल को साथ लेकर अनाज मंडी से रकम लेकर रोज की तरह घर जा रहे थे तभी वारदात हुई। सिविल लाइन थाना प्रभारी श्रीभगवान का कहना है कि लूट की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे थे। घायल युवक को नागरिक अस्पताल भेजा गया। पांच लाख रुपये बरामद हो चुके हैं। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।