करनाल। शहर में बदमाशों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि भरी मार्केट में अवतार कॉलोनी से बाइक सवार दो बदमाश एक ज्वैलर्स के कर्मचारी से तीन लाख रुपये छीनकर फरार हो गये। हालांकि यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है लेंकिन इस वारदात के बाद लोगों में भय बना हुआ है। सूचना मिलने पर सीआईए की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अवतार कॉलोनी निवासी सन्नी महैता ने बताया कि कर्ण गेट पर श्री डायमंड ज्वैर्ल्स के नाम से उनकी दुकान है। दोपहर के एक बजे उसने अपने साले करण और अपने कर्मचारी मुनिष को पानीपत भेजा था रुपये लाने के लिये। वह कार में सवार होकर करीब एक बजे पानीपत गये थे। वहां से वह साढ़े चार बजे के तीन लाख रुपये लेकर घर के बाहर आये। कार को उसका साला चला रहा था। जैसे की उसका कर्मचारी मुनिष तीन लाख रुपये लेकर कार से उतरा तो बाइक पर सवार दो बदमाश जिन्होंने मंकी कैप पहनी हुई थी उसके हाथों से तीन लाख रुपये छीनकर फरार हो गये। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
बदमाश पहले ही उनका इंतजार कर रहे थे- करण
सन्नी ज्वैलर्स के साले करण ने बताया कि पानीपत से वह कार चला कर आ रहा था। उस दौरान उसके आगे पीछे कोई प्लसर बाइक नजर नहीं आई। जैसे की वह अवतार कॉलोनी में घर के सामने कार को साइड में खड़ी करके उतरा तो साथ में मुनिष भी कार से उतरा। मुनिष ने मोबाइल से सन्नी जीजा पर कॉल की कि ये रुपये कहां रखने है। इसी दौरान मुनिष सड़क की ओर मेरे पास आया और सन्नी जीजा की मेरे से बात कराने लगा। जैसे ही मैने मोबाइल कान पर लगाया तो प्लसर बाइक पर सवार दो युवक मुनिष के साथ से तीन लाख रुपये छीनकर फरार हो गये। उसे ऐसे लगता है कि आरोपी पहले से ही गली में खड़े थे और उनके आने का इंतजार कर रहे थे। हालांकि उन्होंने भाग कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह कॉलोनी के अंदर चले गये।
यूटर्न कर आये बदमाश
सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहा है कि जब करण ने कार घर के सामने रोकी तो आरोपी उनकी कार से आगे निकल गये और फिर वह थोड़ी दूर से वापस आये। फिर उन्होंने इस स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया।
दिवाली के समय भी युवती से छीना था पर्स
इस तरह की यह पहली वारदात नहीं है। दिवाली के समय भी बाजार में भीड़ भाड़ थी। उस दौरान भी बाइक सवार स्नेचर एक युवती से उसका पर्स छीनकर फरार हो गये थे। अब यह दूसरी बड़ी घटना है क्योंकि वह घटना भी इसी घटना के आस पास हुई थी।
घर के सामने से बाइक सवार दो युवकों द्वारा तीन लाख रुपये छीनने का मामला सामने आया है। इस मामले की जांच की जा रही है सीसीटीवी कैमरे में यह वारदात कैद हो चुकी है। कॉलोनी के अन्य सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। दीपेंद्र राणा, सीआईए वन इंचार्ज।